1005463704

कोलारस में 7 दुकानों में चोरी का खुलासा: एक आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल और बाइक बरामद

1005463704

कोलारस। कोलारस थाना पुलिस ने 24-25 जुलाई की दरम्यानी रात कस्बे के मीट मार्केट एवं आसपास की 7 दुकानों और गुमटियों में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार फरियादी वीरू खटीक निवासी वार्ड क्रमांक 7, खटीक मोहल्ला, कोलारस ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने रात में उसकी सहित कुल सात दुकानों एवं गुमटियों के ताले तोड़कर नगदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। मामले में थाना कोलारस में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुनीत बाजपेयी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का आरोपी जगतपुर हनुमान मंदिर के पास मौजूद है। पुलिस मौके पर पहुंची तो संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम इरफान खान (30) निवासी इंदिरा कॉलोनी, जगतपुर, कोलारस बताया। आरोपी ने अपने साथी मोनू धाकड़ के साथ मिलकर मीट मार्केट और आसपास की दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपी मोनू धाकड़ की तलाश कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुनीत बाजपेयी, उपनिरीक्षक बबलेश कुमार, प्रधान आरक्षक रघुवीर सिंह, नरेश यादव तथा आरक्षक दीपक जाट की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *