बैराड़ का राकेश नेक्सॉन से मुरैना से लाया था चोरों को, तीनों प्रदेश के हिस्ट्रीशीटर बदमाश है चोर,गैस कटर भी साथ लाए थे, दबोच लिए

बैराड़। बैराड़ कस्बे में सराफा व्यापारी की दुकान में गैस कटर से ताला काटकर चोरी करने की साजिश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की वारदात में प्रयुक्त टाटा नेक्सोन कार, एक 315 बोर का देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि गिरोह को बैराड़ निवासी राकेश कुशवाह ने स्थानीय सराफा दुकानों की जानकारी और रैकी कराई थी।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को बैराड़ निवासी सराफा व्यापारी जगदीश प्रसाद गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी प्रिंस ज्वेलर्स दुकान का ताला गैस कटर से काटकर चोरी का प्रयास किया गया। सीसीटीवी फुटेज में तीन बदमाश वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए। सूचना मिलते ही थाना बैराड़ में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि वारदात के पीछे जौरा और बैराड़ से जुड़े बदमाशों का गिरोह है।
26 जुलाई को सूचना मिली कि गिरोह से जुड़े आरोपी टाटा नेक्सोन कार से पहाड़गढ़ की ओर आने वाले हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर सौरभ कुशवाह (20) निवासी भूराडाढ़ा, जिला मुरैना और आकाश रावत (28) निवासी भूपतपुरा, जौरा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान सौरभ के पास से एक 315 बोर का देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह का सरगना रिंकू उर्फ योगेश कुशवाह है। उसके साथ राकेश कुशवाह, देवेंद्र उर्फ देवू उर्फ चुटिया सविता और अन्य साथियों ने बड़ी चोरी की योजना बनाई थी। बैराड़ निवासी राकेश ने ही गिरोह को बताया था कि बैराड़ में सराफा दुकानों में अच्छा माल मिलेगा और उसी ने स्थानीय स्तर पर रैकी कराई थी। इसके बाद सभी आरोपी 21 जुलाई को नेक्सोन कार से बैराड़ पहुंचे। गैस कटर से ताला काटने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण चोरी पूरी नहीं हो सकी और आरोपी मौके से भाग निकले।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सरगना रिंकू तथा उसके कुछ साथी पहले भी धौलपुर, आगरा, भिंड, बामौर, जौरा और गौहद सहित कई स्थानों पर चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से टाटा नेक्सोन कार (MP-07-AJ-4821), एक 315 बोर का देशी कट्टा एवं तीन जिंदा कारतूस बरामद कर लिए है, इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरेश शर्मा सहित थाना बैराड़ की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
