नदी में पानी भरने गया ट्रैक्टर: अचानक गहरे गड्ढे में पहुंचा और डूब गया, किसान ने बमुश्किल बचाई जान

शिवपुरी। जिले के इंदार थाना क्षेत्र के बिजरौनी गांव के पास रविवार को बड़ा हादसा टल गया। खेत में दवा छिड़काव के लिए नदी से पानी भरने गए एक किसान का ट्रैक्टर नदी के गहरे गड्ढे में समा गया। किसान ने समय रहते ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि ट्रैक्टर पूरी तरह पानी में डूब गया।
जानकारी के अनुसार, बिजरौनी निवासी सुल्ला राठौर अपने खेत में घास मारने की दवा का छिड़काव कर रहे थे। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण उनका बोरवेल नहीं चल रहा था। ऐसे में दवा के लिए पानी की जरूरत पड़ने पर उन्होंने ट्रैक्टर में ड्रम बांधा और नदी से पानी भरने पहुंच गए।
बताया गया कि जैसे ही उन्होंने ट्रैक्टर को नदी में उतारा, वह पानी के भीतर बने एक गहरे गड्ढे में फंस गया और देखते ही देखते डूबने लगा। स्थिति बिगड़ती देख किसान ने तुरंत ट्रैक्टर से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली, जबकि ट्रैक्टर पूरी तरह पानी में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पहले दूसरे ट्रैक्टर की मदद से डूबे ट्रैक्टर को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जेसीबी मशीन बुलाकर ट्रैक्टर को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की गई।
इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन किसान सुल्ला राठौर ने कूदकर बड़ी मुश्किल से जान बचाई, ट्रैक्टर के पानी में डूब जाने से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
