हाइवे पर ब्रेक चेक कर रहा था ट्रक चालक, पीछे से आ रहा ट्रक घुस गया, चालक की मौत

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के शिवपुरा तहसील निवासी 35 वर्षीय चतुर्भुज गुर्जर के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, चतुर्भुज गुर्जर सीमेंट से भरा ट्रक लेकर शिवपुरी की ओर जा रहे थे।
सुबह करीब 5:30 बजे मणिखेड़ा गांव के पास ट्रक के ब्रेक में खराबी आने पर उन्होंने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया और पीछे जाकर ब्रेक की जांच करने लगे।इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अन्य ट्रक ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चतुर्भुज गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक का स्टाफ भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
