गाय को बचाने के फेर में कार अनियंत्रित होकर पलटी, कार में सवार 11 में से 4 लोग घायल, 2 की हालत नाजुक

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर एक कार गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार 11 श्रद्धालुओं में से चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना चाइल्ड जोन स्कूल के पास हुई। कार कोलारस से निहाल देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। गाय को बचाने के लिए चालक ने कार मोड़ी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर तत्काल कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल संदीप पुत्र मुन्ना कुशवाह (18) और बृजेश पुत्र उमेश कुशवाह (18), दोनों निवासी कोलारस, को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं दीपेश पुत्र कलुआ लोधी (21) और मयंक पुत्र माधो कुशवाह (27) को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
