1005463483

नर सेवा ही नारायण सेवा का अद्भुत उदाहरण है अपना घर आश्रम: विधायक देवेंद्र जैन

1005463483

शिवपुरी। समाज के बेसहारा, असहाय और पीड़ित लोगों की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। बांसखेड़ी स्थित ‘अपना घर आश्रम’ पिछले नौ वर्षों से निस्वार्थ भाव से मानव सेवा का जो कार्य कर रहा है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। यह बात शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने रविवार को अपना घर आश्रम के 9वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।

माँ माधुरी बृजवारिस सेवा सदन ‘अपना घर संस्था’, भरतपुर (राजस्थान) के तत्वावधान में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में संस्था के संस्थापक डॉ. बी. एम. भारद्वाज, पूर्व विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, वरिष्ठ पत्रकार आलोक एम. इंदौरिया, विपिन शुक्ला सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संस्था के सेवा कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक देवेंद्र जैन ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है और अपना घर आश्रम इस भाव को वास्तविक रूप देकर समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।” उन्होंने कहा कि आश्रम में बेसहारा, असहाय और मानसिक रूप से पीड़ित लोगों को सम्मानपूर्वक आश्रय, भोजन, चिकित्सा और देखभाल उपलब्ध कराई जाती है, जो मानवता की सच्ची सेवा है।

संस्था के संस्थापक डॉ. बी. एम. भारद्वाज ने आश्रम की सेवा यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था में आने वाले प्रत्येक पीड़ित व्यक्ति को ‘प्रभुजी’ मानकर उसकी पूरी निष्ठा और आत्मीयता के साथ सेवा की जाती है। पिछले नौ वर्षों से यह सेवा यज्ञ लगातार जारी है और अनेक जरूरतमंद लोगों को नया जीवन एवं सम्मान मिला है।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि अपना घर आश्रम केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का एक ऐसा केंद्र है, जहां हर असहाय व्यक्ति को परिवार जैसा अपनापन मिलता है। आश्रम का यह सेवा भाव पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम के अंत में विधायक देवेंद्र जैन एवं डॉ. बी. एम. भारद्वाज ने शहरवासियों, समाजसेवियों एवं दानदाताओं से अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक सहयोग करें, ताकि कोई भी असहाय व्यक्ति सेवा, उपचार और आश्रय से वंचित न रहे। समारोह का समापन अतिथियों के सम्मान और मानव सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *