कोतवाली पुलिस ने साढ़े चार लाख की स्मैक के साथ आरोपी को दबोचा: नशा मुक्ति अभियान के दौरान बड़ी कार्यवाही

शिवपुरी। शिवपुरी शहर में नशा मुक्ति अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 21.80 ग्राम स्मैक बरामद की है। जब्त स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपी से स्मैक के सप्लायर और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कोतवाली प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि 25 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनियर-ईंटमा रेलवे अंडरब्रिज के पास एक व्यक्ति स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनोज कुचबंधिया (38) निवासी सहराना, मनियर, शिवपुरी बताया। तलाशी के दौरान उसकी लोअर की बाईं जेब से पारदर्शी पन्नी में रखी 21.80 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की कीमत लगभग 4.20 लाख रुपये आंकी गई है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 564/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब आरोपी से स्मैक के सप्लायर, खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और अन्य तस्करों के संबंध में पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए अवैध मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
