1005461674

अवैध हथियारों की दम पर दहशत फैलाने का आरोप, जमीन पर कब्जा करना चाहते है, दीक्षा ने SP से लगाई गुहार

1005461674

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के सीहोर थाना क्षेत्र के नैनागिर गांव की रहने वाली दीक्षा परिहार ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत कर गांव के कुछ लोगों पर अवैध हथियारों के बल पर आतंक फैलाने, कृषि भूमि पर कब्जा करने का प्रयास करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ वीडियो अपलोड कर गांव में दहशत का माहौल बना रहे हैं।

शिकायत में दीक्षा परिहार ने राघवेंद्र, रविंद्र, भरत, बलराम, जितेंद्र, रतन सिंह, कल्लू, संजा, किरण, डॉली परिहार सहित भगवत सिंह और कदम परिहार को नामजद किया है। उनका आरोप है कि ये लोग लंबे समय से उनके परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं और कई बार घर के बाहर हथियार लेकर फायरिंग कर भय का माहौल बना चुके हैं।

पीड़िता के अनुसार आरोपी उनकी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा कर उसे अपने नाम कराने और बेचने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप है कि 24 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे सभी आरोपी एकराय होकर देशी कट्टे और धारदार हथियारों के साथ उनके घर पहुंचे तथा गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि यदि जमीन उनके नाम नहीं कराई गई तो पूरे परिवार की हत्या कर देंगे। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से निकल सकीं।

दीक्षा ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ वीडियो वायरल कर गांव में दहशत फैला रहे हैं। उनका कहना है कि थाने में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, क्योंकि आरोपी प्रभावशाली और दबंग हैं। उन्होंने एसपी से आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने, वायरल वीडियो की जांच कराने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

थाना प्रभारी का पक्ष
सीहोर थाना प्रभारी जूली तोमर ने बताया कि शिकायतकर्ता पक्ष के खिलाफ करीब 20 दिन पहले दूसरे पक्ष की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज किया जा चुका है। अब यह पक्ष भी शिकायत लेकर आया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *