पति- पत्नी और वो: पत्नी के सामने ही पहले पति ने दूसरे पति पर पेट्रोल डाल कर लगा दी आग, पत्नी की भी जमकर मारपीट

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पति पत्नी और वो के बीच मारपीट कर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सा। ए आया है। उत्तर प्रदेश से अपनी पत्नी के मायके आए युवक पर उसकी पत्नी के पहले पति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब महिला अपने वर्तमान पति को बचाने पहुंची तो आरोपी ने उसके साथ भी लात-घूंसों से मारपीट कर दी। गंभीर रूप से झुलसे युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के हरपालपुरा निवासी 32 वर्षीय विनय कुमार अपनी पत्नी सविता के साथ उसके मायके, पिछोर थाना क्षेत्र के रेवई गांव आया था। बताया गया है कि करीब तीन वर्ष पहले सविता ने अपने पहले पति धर्मेंद्र नाथ से अलग होकर विनय से विवाह कर लिया था। इसके बाद दोनों गुरुग्राम में रह रहे थे।
शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे जब दोनों रेवई गांव से पैदल पिछोर की ओर जा रहे थे, तभी नहर की पुलिया के पास सविता का पहला पति धर्मेंद्र नाथ पहुंच गया। पुरानी रंजिश के चलते उसने विनय पर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी।
आग की चपेट में आने से विनय के हाथ, कोहनी, उंगलियां, छाती, कंधा, गला, कान के पीछे का हिस्सा तथा शरीर के अन्य हिस्से झुलस गए। वहीं पैर के अंगूठे में भी चोट आई। विनय को बचाने पहुंची पत्नी सविता के साथ भी आरोपी ने लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसके गले, पीठ और कमर में चोटें आईं।
घटना को आसपास के लोगों ने देखा और तत्काल घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पिछोर थाना पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र नाथ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
