मेडिकल कॉलेज के पीछे से अवैध उत्खनन कर मुरम खोद रहे थे, दो ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ लिए

शिवपुरी। शहर के मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित शासकीय भूमि पर लंबे समय से चल रहे अवैध खनन का मामला सामने आया है। लगातार मिल रही शिकायतों और सोशल मीडिया पर मामला उठने के बाद खनिज विभाग ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने अवैध खनन में उपयोग की जा रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली हैं।
जानकारी के अनुसार, पिछले कई महीनों से सरकारी भूमि पर लाल मुरम और पत्थरों का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। खनन माफियाओं ने बड़े पैमाने पर खुदाई कर गहरे गड्ढे बना दिए, जिससे लाखों रुपये की मुरम और पत्थर निकाले जाने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद सोशल मीडिया पर मामला प्रमुखता से उठाया गया, जिसके बाद विभाग हरकत में आया।खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। अवैध खनन में उपयोग की जा रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर यातायात थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखवाई गई हैं। मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
