1005451844

25 साल का दीपू गायब: पत्नी बोली ससुरालजनों ने गायब कर दिया, परिजन बोले पत्नी ने गायब किया है, SP से शिकायत

1005451844

शिवपुरी। जिले के देहात थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और पति को लापता करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। 22 वर्षीय पूनम बाथम ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी शादी नरवर निवासी दीपू बाथम से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से सास, ननद और जेठ द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग कर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दी जाने लगी। उसका आरोप है कि इस संबंध में उसके पति पर भी दबाव बनाया जाता था।

पूनम के अनुसार, तीन दिन पहले उसके पति यह कहकर घर से निकले थे कि वे घूमने जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और उनका कोई पता नहीं चला। जब उसने ससुराल वालों से पति के बारे में जानकारी मांगी तो उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उसके सिर पर पत्थर मारकर घायल किया गया और घर से निकाल दिया गया।

पीड़िता का कहना है कि ससुराल पक्ष पति का पता बताने के बजाय उसी पर पति को गायब कराने का आरोप लगा रहा है, जबकि वह स्वयं अपने पति की तलाश कर रही है। उसने बताया कि पहले भी देहात थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

शुक्रवार को मायके पक्ष के लोगों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची पूनम ने आवेदन देकर पति का पता लगाने, ससुराल पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में दहेज प्रताड़ना से सुरक्षा दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *