जिला अस्पताल में युवक की जेब से 10 हजार रुपये चोरी, CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

शिवपुरी। जिला अस्पताल में इलाज के लिए आए एक युवक की जेब से 10 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कुछ दिन बाद पीड़ित ने आरोपी को दोबारा अस्पताल परिसर में पहचान लिया और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नरवर के गणेश बाजार निवासी केशव राठौर (36) अपनी पत्नी दीक्षा राठौर को प्रसव के लिए 20 जुलाई को जिला अस्पताल लेकर आए थे। पत्नी को जच्चा वार्ड में भर्ती कराने के बाद वह ट्रॉमा सेंटर में गेट पास बनवाने के लिए लाइन में खड़े थे। इसी दौरान एक युवक उनके पीछे आकर खड़ा हो गया।
गेट पास बनवाकर जब केशव अपनी पत्नी के पास पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनकी पैंट की पिछली जेब में रखे 10 हजार रुपये गायब हैं।घटना के बाद अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में काली टी-शर्ट और काला लोअर पहने एक युवक केशव की जेब से नकदी निकालते हुए दिखाई दिया।
पीड़ित के अनुसार, यह रकम उन्होंने पत्नी के प्रसव के दौरान किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए उधार लेकर रखी थी।कुछ दिन बाद वही युवक फिर जिला अस्पताल परिसर में दिखाई दिया। केशव ने उसे पहचान लिया। आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पीड़ित ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ के बाद उसका नाम विशाल शाक्य, निवासी फिजिकल थाना क्षेत्र, शिवपुरी बताया गया।
इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।पीड़ित ने आशंका जताई है कि आरोपी अकेला नहीं था और वारदात में उसके साथ एक अन्य साथी भी शामिल हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
