फेसबुक पर सुसाइड नोट पोस्ट कर युवक ने दी जान, ताऊ के बेटे और छोटे भाई पर लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के मोहराई गांव में 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने अपनी फेसबुक आईडी पर हस्तलिखित सुसाइड नोट पोस्ट किया, जिसमें उसने अपने ताऊ के बेटे और छोटे भाई पर लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मोहराई निवासी उत्तम सिंह धाकड़ (35) ने गुरुवार रात करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच अपने घर के एक कमरे में फांसी लगा ली। घटना के समय उसकी पत्नी घर के दूसरे कमरे में काम कर रही थी। कुछ देर बाद जब वह कमरे में पहुंची तो उत्तम फंदे पर लटका मिला। परिजन उसे तत्काल कोलारस स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आत्महत्या से पहले उत्तम सिंह ने फेसबुक पर एक हस्तलिखित सुसाइड नोट साझा किया। नोट में उसने लिखा कि वह अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा है और इसके लिए अपने ताऊ कैलाश धाकड़ के बेटे तथा अपने छोटे भाई को जिम्मेदार ठहराया। उसने आरोप लगाया कि दोनों उसे लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे।
सुसाइड नोट में उत्तम ने प्रशासन से अपने बच्चों को उनका अधिकार दिलाने की अपील की। साथ ही गांव के लोगों से अनुरोध किया कि वे उसके बच्चों का ध्यान रखें। उसने यह भी लिखा कि जिन लोगों से उसका पैसा लेना है, वे वह राशि उसके बच्चों को दे दें।
मृतक के साले विष्णु धाकड़ ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर उत्तम को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फेसबुक पर डाला गया सुसाइड नोट बाद में परिवार के कुछ लोगों द्वारा डिलीट कर दिया गया।
कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेयी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करा लिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
