कलेक्टर का बड़ा एक्शन: खेतों में पत्थर बरसाने वाले दो क्रेशर सील, ब्लास्टिंग से मकानों में दरारें आ गई थी

शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अटलपुर और थरखेड़ा में संचालित दो क्रेशर प्लांटों को सील कर दिया गया। कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायतों के आधार पर की गई।
जनसुनवाई में ग्राम अटलपुर के ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि खदानों में हो रही ब्लास्टिंग से उनके कच्चे मकानों में दरारें आ रही हैं और खेतों में पत्थर गिर रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम कोलारस, तहसीलदार बदरवास, खनिज अधिकारी और खनिज निरीक्षक की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच में पाया गया कि स्वीकृत खनन योजना का पालन नहीं किया जा रहा था तथा निर्धारित सीमा से अधिक गहराई तक खनन किया जा रहा था। इसे मप्र गौण खनिज नियमों का उल्लंघन मानते हुए दोनों खदानों में खनन कार्य और क्रेशर संचालन तत्काल प्रभाव से बंद कर क्रेशर सील कर दिए गए। संबंधित पट्टाधारकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
इसी तरह नरवर तहसील के ग्राम थरखेड़ा स्थित कृष्णाआश्रय माइंस एंड मिनरलर्स कंपनी के क्रेशर प्लांट का भी निरीक्षण किया गया। ग्रामीणों ने क्रेशर और डंपरों से उड़ने वाली धूल के कारण फसलों और स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभाव की शिकायत की थी। निरीक्षण के दौरान एम-सैंड का परिवहन कर रहे एक डंपर के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे पुलिस चौकी अमोलपठा की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया।
जांच में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शर्तों का पालन नहीं पाए जाने पर थरखेड़ा स्थित क्रेशर प्लांट का संचालन भी तत्काल बंद कर उसे सील कर दिया गया। साथ ही संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि जिले में अवैध खनन, पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों और ग्रामीणों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
