1005446728

बकरी चराने गए थे मासूम, बारिश से बचने पेड़ के नीचे गए, बिजली गिरी, दो बच्चों सहित 28 पशुओं की मौत

1005446728

शिवपुरी। जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम विजयपुरा में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में दो आदिवासी बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जंगल में चर रही 17 भैंसें और 9 बकरियां भी बिजली की चपेट में आकर मर गईं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पशुपालकों को 15 से 17 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार ग्राम विजयपुरा निवासी 14 वर्षीय दशरथ आदिवासी, पुत्र बाबू आदिवासी, अपने रिश्तेदार 10 वर्षीय अभिषेक आदिवासी के साथ जंगल में बकरियां चराने गया था। दोपहर में अचानक बारिश शुरू होने पर दोनों बच्चे बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में दोनों बच्चों की 9 बकरियां भी मर गईं। वहीं आसपास चर रही अन्य पशुपालकों की 17 भैंसों की भी मौके पर ही मौत हो गई। मृत भैंसों में मुन्नालाल पाल की 5, चंद्रभान पाल की 5, राकेश पाल की 2, शोभाराम पाल की 2, जगदीश लोधी की 2 और सीताराम पाल की 1 भैंस शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व राजस्व विभाग को सूचना दी। रन्नौद थाना पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं मृत पशुओं से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, ताकि प्रभावित पशुपालकों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता मिल सके।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों एवं पशुपालकों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *