माधव चौक घटना: पत्रकारों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, मीडिया कर्मियों से अभद्रता करने वालों पर कार्रवाई की मांग

शिवपुरी। 22 जुलाई को शिवपुरी के माधव चौक पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए छात्र प्रदर्शन की कवरेज के दौरान मीडिया कर्मियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की की घटना को लेकर जिले के पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक श्रीमती याँगचेन डोलकर भूटिया को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि 22 जुलाई को माधव चौक पर छात्र शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, जिसकी कवरेज के लिए प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान प्रदर्शन में शामिल कुछ असामाजिक एवं राजनीतिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया और कवरेज कर रहे पुरुष एवं महिला मीडिया कर्मियों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया, अशोभनीय टिप्पणियां कीं तथा धक्का-मुक्की की। साथ ही लाइव प्रसारण में भी बाधा उत्पन्न की गई।
पत्रकारों ने अपने ज्ञापन में कहा कि यह घटना न केवल पत्रकारिता की स्वतंत्रता में बाधा है, बल्कि महिला मीडिया कर्मियों की गरिमा के भी विरुद्ध है। उन्होंने बताया कि घटना के वीडियो फुटेज भी उपलब्ध हैं, जिनके आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और मीडिया कर्मी निर्भय होकर अपना दायित्व निभा सकें।
