घर से भागा प्रेमी जोड़ा SP के पास पहुंचा: बोले हमें जान का खतरा, हमें सुरक्षा दी जाए, परिवार भी खतरे में

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में प्रेम विवाह के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा मांगने का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को एक और नवविवाहित जोड़ा एसपी कार्यालय पहुंचा और अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई। युवती ने अपने मायके पक्ष से खतरा बताते हुए स्वयं, अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार भौती थाना क्षेत्र के ग्राम खोड़ निवासी 18 वर्षीय भारती केवट ने अपने पति रविन्द्र पाल निवासी मनपुरा के साथ पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन सौंपा। आवेदन में युवती ने बताया कि दोनों ने 13 जुलाई 2026 को हिंदू रीति-रिवाज से अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है। दोनों बालिग हैं और बिना किसी दबाव के एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना है।
युवती बोली- अपनी इच्छा से आई हूं, कुछ भी साथ नहीं लाई
भारती केवट ने आवेदन में स्पष्ट किया है कि वह अपनी स्वेच्छा से पति रविन्द्र पाल के साथ आई है। वह अपने साथ मायके से किसी प्रकार के जेवरात, नकदी या अन्य संपत्ति लेकर नहीं आई है। ऐसे में भविष्य में यदि उसके परिवार की ओर से किसी प्रकार का आरोप लगाया जाता है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए।
पति और ससुराल पक्ष की सुरक्षा की मांग
युवती ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में कहा है कि उसके परिजन प्रेम विवाह से नाराज हैं और उसे तथा उसके पति एवं ससुराल पक्ष के लोगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए उसने स्वयं, पति रविन्द्र पाल और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
लगातार बढ़ रहे ऐसे मामले
शिवपुरी जिले में पिछले कुछ समय से प्रेम विवाह के बाद नवविवाहित जोड़ों के सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा मांगने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे मामलों में पुलिस आवेदन के आधार पर जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करती है।
