जल मंदिर के पास स्मैकची महिला दुकानदार के गल्ले में से चोरी कर रहा था, दुकानदार ने पकड़ लिया

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े चोरी की कोशिश का मामला सामने आया। जल मंदिर के पास स्थित एक किराना दुकान में एक युवक ने दुकान संचालिका की व्यस्तता का फायदा उठाकर गल्ले से नकदी निकालने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद एक ग्राहक की सतर्कता से वह रंगे हाथों पकड़ लिया गया। बाद में स्थानीय लोगों ने युवक को डायल-112 पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जल मंदिर के पास रहने वाली दुकान संचालिका विनीता गोयल अपनी दुकान में साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान एक युवक चुपचाप दुकान के अंदर घुसा और सीधे गल्ले में हाथ डालकर नकदी निकालने की कोशिश करने लगा।
इसी बीच सामान खरीदने आए एक ग्राहक की नजर युवक पर पड़ गई। उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली थाने ले गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान घोसीपुरा निवासी इमरान खान के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी स्मैक का आदी है और नशे की लत के चलते उसने चोरी का प्रयास किया।
कोतवाली पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।
गौरतलब है कि जिले में 15 जुलाई से 30 जुलाई तक “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे समय में शहर के बीचोंबीच नशे की लत से जुड़ी चोरी की कोशिश सामने आने से अभियान की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
