मकान किराए पर लिया: अब दंपत्ति स्मैक बेचते है, रोका तो मकान मालिक के साथ जमकर मारपीट कर दी

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के करैरा अनुभाग के अमोला थाना क्षेत्र में एक किसान ने अपने किरायेदार दंपती पर मारपीट करने और कमरे में कथित रूप से नशा बेचने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने शिकायत के बावजूद न तो एफआईआर दर्ज की और न ही मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम सिरसौद निवासी गोपाल कोली ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उन्होंने अपने मकान का एक कमरा गांव के ही राजेश कोली और उसकी पत्नी देवकी को किराए पर दिया था। उनका आरोप है कि कुछ समय बाद किरायेदार ने कमरे में कथित रूप से नशे का अवैध कारोबार शुरू कर दिया। साथ ही वह स्वयं भी नशा कर आए दिन हंगामा करता था।
इसी कारण वह पिछले एक-दो माह से कमरा खाली करने के लिए कह रहे थे।पीड़ित के अनुसार 22 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे उन्होंने एक बार फिर कमरा खाली करने के लिए कहा। इस पर राजेश और उसकी पत्नी देवकी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडों और चप्पलों से उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।
घटना के दौरान शोर सुनकर उनके पुत्र अतुल कोली, नंदनी कोली और कमलेश कोली मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। गोपाल का कहना है कि यदि परिजन समय पर नहीं पहुंचते तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी।गोपाल कोली का आरोप है कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर अमोला थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की और मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
