तोप खोजने पहुंची शिवपुरी पुलिस ने हिंडोन सिटी के गांव में जेसीबी से खुदाई कर खोजी, परन्तु हाथ अभी भी खाली, मोबाइल लोकेशन के आधार पर पहुंची है पुलिस

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के ऐतिहासिक नरवर किले से चोरी हुई करीब 400 साल पुरानी और साढ़े तीन टन वजनी ऐतिहासिक तोप की तलाश अब राजस्थान के करौली जिले तक पहुंच गई है। शिवपुरी और राजस्थान पुलिस संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। पुलिस को आशंका है कि चोरी के बाद तोप को करौली जिले के जंगलों या आसपास के क्षेत्र में छिपाया गया है।
मामले में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की गिरफ्तारी और तोप की बरामदगी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस को मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना के समय आरोपियों के संपर्क राजस्थान के हिंडौन सिटी क्षेत्र के एक गांव से जुड़े मोबाइल नंबरों से थे। इसी इनपुट के आधार पर शिवपुरी पुलिस की टीम राजस्थान पहुंची और करौली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने नगर पंचायत की मदद से संदिग्ध स्थान पर जेसीबी से खुदाई भी कराई। इसके साथ ही मेटल डिटेक्टर से जमीन के भीतर धातु की मौजूदगी का पता लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लगी।
गौरतलब है कि यह ऐतिहासिक तोप 15-16 जुलाई की दरम्यानी रात नरवर किले की ओपन कचहरी से चोरी हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर पहले भी तोप को हटाने की कोशिश कर चुके थे। बाद में गड्ढों, पाइप और अन्य संसाधनों की मदद से तोप को नीचे उतारकर वाहन में लादकर फरार हो गए। घटनास्थल से तोप को घसीटकर ले जाने के निशान भी मिले थे।
नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि मिले इनपुट के आधार पर राजस्थान में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही ऐतिहासिक तोप बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
