शिवपुरी से एक साथ गायब 4 नाबालिग किशोरियां बीना में मिली, तीन सगी बहनें है, डांट के चक्कर में भागी थी

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र से मंगलवार को लापता हुईं चार किशोरियां बुधवार को मध्य प्रदेश के बीना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सकुशल मिल गईं। इनमें तीन सगी बहनें और उनकी एक सहेली शामिल थीं।
सूचना मिलने पर इंदार पुलिस परिजनों के साथ बीना पहुंची और चारों को सुरक्षित वापस घर ले आई।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि किशोरियां परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थीं। उनके पास केवल 550 रुपये थे। वे पहले बस से खटोरा होते हुए गुना पहुंचीं और वहां से ट्रेन पकड़कर बीना जंक्शन पहुंच गईं।
बीना स्टेशन पर संदिग्ध अवस्था में घूमते देख स्थानीय पुलिस ने उनसे पूछताछ की। किशोरियों ने अपना पता इंदार थाना क्षेत्र का बताया, जिसके बाद बीना पुलिस ने तत्काल इंदार पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इंदार पुलिस टीम परिजनों के साथ बीना पहुंची और चारों किशोरियों को सकुशल घर वापस ले आई।
पुलिस के अनुसार, तीनों बहनें नाबालिग हैं, जिनमें सबसे बड़ी की उम्र करीब 16 वर्ष है। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के अपहरण या आपराधिक घटना के साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस ने किशोरियों को परिजनों के सुपुर्द कर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
