गैस कटर से सर्राफा दुकान में चोरी करने घुसे चोर: गैस कटर में विस्फोट होते ही भागे, CCTV में कैद चोर, व्यापारियों में आक्रोश

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के बैराड़ कस्बे में पुलिस की सतर्कता से सराफा बाजार में बड़ी चोरी की वारदात टल गई। बुधवार देर रात तीन बदमाश गैस कटर और अन्य औजार लेकर एक सराफा दुकान का ताला काटने पहुंचे थे। इसी दौरान डायल-112 की रात्रि गश्त टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस वाहन को देखते ही बदमाश जलता हुआ गैस कटर मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। कुछ देर बाद गैस कटर में आग लगने से हल्का विस्फोट भी हुआ।जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 12 बजे बैराड़ कस्बे के मुख्य सराफा बाजार में स्थित जगदीश गुप्ता की सोने-चांदी की दुकान पर हुई। तीनों बदमाश एक बैग में गैस कटर और अन्य औजार लेकर आए थे और दुकान का ताला काटने का प्रयास कर रहे थे।
इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी देखकर आरोपी घबरा गए और चालू हालत में गैस कटर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने तत्काल आसपास घेराबंदी की, लेकिन घनी आबादी और अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए।घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में तीनों संदिग्ध गैस कटर से दुकान का ताला काटते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।थाना प्रभारी सुरेश शर्मा के अनुसार, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि रात्रि गश्त टीम की सतर्कता से सराफा बाजार में लाखों रुपये के जेवरात की संभावित चोरी टल गई।
