कीटनाशक खरीदने दुकान पर पहुंचा किसान: जेब काटकर एक ने पार कर दिए 9 हजार, CCTV में कैद चोर

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में दिनदहाड़े जेबकतरे ने एक किसान को निशाना बनाकर उसकी जेब से करीब 8 से 9 हजार रुपये चोरी कर लिए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम साखनौर निवासी विनोद लोधी एबी रोड स्थित होटल फूलराज के सामने शाकंभरी ट्रेडर्स पर कीटनाशक दवा खरीदने पहुंचे थे। दुकान पर भीड़ होने का फायदा उठाकर उनके पीछे खड़े एक अज्ञात युवक ने उनकी जेब से नकदी निकाल ली और चुपचाप फरार हो गया।
दवा खरीदने के बाद जब किसान भुगतान करने के लिए जेब में हाथ डालने लगे, तब उन्हें रुपये गायब मिले। इसके बाद दुकान संचालक ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक किसान की जेब से रुपये निकालते हुए साफ दिखाई दिया।
पीड़ित किसान ने कोलारस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल कर संदिग्ध की पहचान शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। साथ ही बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और लोगों से भी संदिग्ध की पहचान में सहयोग की अपील की गई है।
