1005433685

डॉ भीमराव अंबेडकर की फिर रखी प्रतिमा, दो पक्ष आमने सामने, दो घंटे तक चक्का जाम

1005433685

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के गजोरा गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर विवाद गहरा गया। मंगलवार को आदिवासी समाज के लोगों ने प्रतिमा हटाने की मांग को लेकर पिछोर-बसई मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इसके जवाब में बहुजन समाज के लोग प्रतिमा को यथावत रखने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत रविवार रात हुई, जब अज्ञात लोगों ने गजोरा गांव की आदिवासी बस्ती में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। सोमवार सुबह प्रतिमा देखने के बाद आदिवासी समाज के लोगों ने इसका विरोध किया। उनका आरोप है कि अज्ञात लोगों ने उनकी झोपड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया है। उनका कहना है कि वे पिछले 20 वर्षों से इस बस्ती में रह रहे हैं और यह कदम उनकी जमीन पर कब्जा करने की साजिश का हिस्सा है।

आदिवासी समाज ने प्रशासन को 24 घंटे के भीतर प्रतिमा हटाने का अल्टीमेटम दिया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद मंगलवार को समाज के लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं बहुजन समाज के लोग भी प्रतिमा को उसी स्थान पर बनाए रखने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।

दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोनों पक्षों से बातचीत की गई और समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया तथा यातायात बहाल कर दिया गया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि रात में प्रतिमा किसने स्थापित की, इसकी जांच की जा रही है। इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *