शहर में खुलेआम गुंडा गिर्दी: Scorpio सवार परिजनों के साथ जमकर मारपीट, 10 से 12 गुंडे हथियार लहराते दिखे, VIDEO वायरल

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बीच सड़क दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। मनियर आदिवासी मोहल्ले में 10 से 12 युवकों द्वारा एक स्कॉर्पियो सवार युवक और उसके परिजनों के साथ मारपीट करने तथा वाहन में तोड़फोड़ करने का आरोप है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें एक युवक बाइक पर बैठकर हाथ में कट्टा लहराता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम ईटमा निवासी हेमंत रावत अपनी स्कॉर्पियो से नवाब साहब रोड स्थित घर जा रहे थे। मनियर आदिवासी मोहल्ले से गुजरने के दौरान सड़क पर खड़े कुछ युवकों से रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि 10 से 12 युवकों ने हेमंत रावत, उनके चाचा हरनाम रावत और भरत रावत के साथ बेल्ट, डंडों और नुकीली वस्तुओं से मारपीट कर दी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने स्कॉर्पियो के पीछे का शीशा और हेडलाइट भी तोड़ दी, जिससे वाहन को करीब 20 से 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
घटना के बाद सामने आए वीडियो में कई युवक लाठियां लेकर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक युवक बाइक पर बैठकर हाथ में कट्टा लहराता नजर आ रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है तथा वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
