शिवपुरी की सौम्या चौहान और श्रुति जैन दिल्ली नहीं जा पा रही, शिवपुरी में ही करना चाहती है आंदोलन, कलेक्टर ने मांगने पहुंची परमीशन

शिवपुरी। युवाओं के भविष्य से जुड़े कथित पेपर लीक प्रकरण के विरोध में जिले के जागरूक नागरिकों और युवाओं ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी है। इस संबंध में कलेक्टर एवं पुलिस प्रशासन को आवेदन सौंपा गया है।
आवेदन में कहा गया है कि पेपर लीक जैसे मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के माध्यम से निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तथा सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई जाएगी।
शिवपुरी की सौम्या चौहान और श्रुति जैन दिल्ली नहीं जा पा रही है इस कारण से शिवपुरी में ही दोनों आंदोलन करना चाहती है जिसके चलते आज दोनों कलेक्टर से परमीशन लेने पहुंची।
आयोजकों ने आवेदन में स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित कार्यक्रम भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(1)(क) एवं 19(1)(ख) के तहत प्रदत्त अधिकारों के अनुरूप पूरी तरह शांतिपूर्ण, अहिंसात्मक एवं विधि-सम्मत तरीके से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का भी आश्वासन दिया गया है।
आवेदन के अनुसार, धरना-प्रदर्शन में 100 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। यह प्रदर्शन 21 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक पोलो ग्राउंड, माधव चौक स्थित स्टैच्यू के पास आयोजित करने का प्रस्ताव है। इसे लेकर कलेक्टर ने दोनों को आश्वाशन दिया है कि आप एसडीएम को आवेदन करें उसके बाद जांच कर परमीशन देने की करवाही की जाएगी।
आयोजकों ने प्रशासन से प्रदर्शन की अनुमति प्रदान करने तथा राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से भेजने की भी मांग की है।
