तेज रफ्तार आर्टिगा कार ने युवक को उड़ाया, युवक को तड़पता छोड़ भाग गया चालक, उपचार के दौरान युवक की मौत

शिवपुरी। शहर के थीम रोड पर रविवार रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जवाहर कॉलोनी निवासी नीरज शर्मा रविवार रात बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार आर्टिका कार (एमपी-08 सीबी-1406) ने उनकी बाइक (एमपी-33 एमआर-1497) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नीरज शर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उनके सिर, कमर, गुप्तांग, बाईं जांघ और कंधे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल नीरज को जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। ग्वालियर में उपचार के दौरान सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।
शव का पोस्टमार्टम जेएएच अस्पताल में कराया गया।पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को सुरक्षा की दृष्टि से देहात थाना परिसर में खड़ा कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
