सब्जी बेचने गांव से निकले भरत की लाश नोहरी के पास मिली, भाई बोला हत्या की है

शिवपुरी। शहर के नोहरी क्षेत्र में सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान सोमवार सुबह ईटमा गांव निवासी 40 वर्षीय भरत रावत पुत्र बालकिशन रावत के रूप में हुई। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 11 बजे नोहरी स्थित कंजर डेरे के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
सोमवार सुबह परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां शव की पहचान भरत रावत के रूप में हुई। मृतक के भाई हिमाचल रावत ने बताया कि भरत शनिवार सुबह गांव से सब्जी लेकर शिवपुरी मंडी आया था, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटा। पहले परिजनों को लगा कि वह किसी रिश्तेदार के यहां चला गया होगा, लेकिन बाद में उसके शव मिलने की सूचना मिली।
परिजनों का आरोप है कि भरत रावत की हत्या की गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
