17 साल की किशोरी के घर पहुंचे आरोपी: बोले शादी करनी पड़ेगी, जमकर मारपीट की, कपड़े तक फाड़ डाले

शिवपुरी। शहर के कमलागंज स्थित जाटव मोहल्ले में रविवार रात नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ और शादी का दबाव बनाने के आरोप के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया है।
वहीं नाबालिग से जुड़े मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय नाबालिग ने शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब 10:30 बजे पड़ोस में रहने वाले शैलू जाटव और भास्कर उर्फ भोला जाटव उसके घर में घुस आए। आरोप है कि शैलू ने उससे शादी करने का दबाव बनाया।
विरोध करने और बाहर जाने के लिए कहने पर उसके साथ छेड़छाड़ की गई, जिससे उसके कपड़े तक फट गए।शोर सुनकर पीड़िता की बहन और चचेरी बहन मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता और धक्का-मुक्की की तथा जाते समय शादी नहीं करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
इस शिकायत पर पुलिस ने शैलू जाटव और भास्कर उर्फ भोला जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।वहीं दूसरे पक्ष की ओर से शैलेंद्र गोरख (जाटव) ने भी शिकायत दर्ज कराई है।
उनका आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते रवि जाटव, बंटी जाटव और कट्टू जाटव ने गाली-गलौज करते हुए लोहे के पाइप, डंडों और हाथ-पैरों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे भास्कर उर्फ भोला जाटव के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने रवि जाटव, बंटी जाटव और कट्टू जाटव के खिलाफ भी मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
