नरवर किले की तोप चोरी में बड़ा अपडेट: SP ने घोषित किया 10 हजार का इनाम, राजस्थान का इनपुट, जल्द मिल सकती है सफलता

शिवपुरी। नरवर किले से ऐतिहासिक तोप चोरी के मामले में शिवपुरी पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने अज्ञात आरोपितों की गिरफ्तारी अथवा उनके संबंध में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
वहीं सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर चोरी में राजस्थान के एक गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक इसी इनपुट के आधार पर नरवर थाना पुलिस की एक टीम राजस्थान के लिए रवाना हो गई है। टीम संदिग्धों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर जांच आगे बढ़ा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी इस संबंध में आधिकारिक रूप से अधिक जानकारी साझा नहीं की है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नरवर के ऐतिहासिक किले से सैकड़ों वर्ष पुरानी धरोहर मानी जाने वाली तोप चोरी हो गई थी। इस घटना ने पुरातात्विक विरासत की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अब इनाम की घोषणा और राजस्थान तक पहुंची पुलिस टीम से उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा हो सकता है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मुखबिर तंत्र की मदद से भी आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जल्द ही पुलिस इन चोरों को पकड़कर इस मामले का खुलासा कर सकती है।
