चरित्र संदेह के चलते रात को पत्नी से विवाद, सुबह फंदे पर लटका मिला 23 साल का युवक, परिजन बोले हत्या की है

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना अंतर्गत लुकवासा चौकी क्षेत्र के रामपुरी गांव में 23 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर एक नर्सरी में पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष और पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
पत्नी से हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मर्दन सिंह आदिवासी (23) निवासी रामपुरी के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार रात मर्दन का अपनी पत्नी से चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद शनिवार सुबह उसकी पत्नी ने अपने मायके पक्ष के लोगों को बुला लिया।
मृतक के पिता गोविंद सिंह आदिवासी का आरोप है कि मायके पक्ष के लोगों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की और उसकी पत्नी को अपने साथ ले गए। इसके बाद दोनों पक्ष लुकवासा पुलिस चौकी पहुंचे। पिता का आरोप है कि चौकी में भी उनके बेटे के साथ मारपीट की गई। हालांकि शाम को मर्दन अपने घर लौट आया था।
रविवार सुबह मिला शव
परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह मर्दन घर से निकला था। कुछ समय बाद गांव के बाहर स्थित एक नर्सरी में उसका शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
चौकी प्रभारी ने क्या कहा
लुकवासा चौकी प्रभारी बैजनाथ मिश्रा ने बताया कि शनिवार को दोनों पक्ष चौकी आए थे, जहां आपसी सहमति से समझौता हो गया था। इसके बाद मृतक की पत्नी अपने मायके वालों के साथ चली गई, जबकि उनका तीन वर्षीय बेटा मर्दन अपने साथ घर ले गया था।
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
