1005420493

नवीन जाट के फार्म हाउस पर मजदूरी करने गई नाबालिग आदिवासी बच्चियों में आपसी विवाद, तीन पर FIR

1005420493

शिवपुरी। जिले के सतनवाड़ा थाना क्षेत्र में एक फार्म हाउस पर मजदूरी करने गईं एक दर्जन से अधिक नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना शनिवार की बताई जा रही है, जिसमें मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

आरोप है कि महिला मजदूरों ने बच्चियों को घेरकर उनके साथ लात-घूंसों और हाथों से मारपीट की, जिससे कई बच्चियां घायल हो गईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बारां गांव से मजदूरी के लिए ले जाई गई थीं बच्चियां
जानकारी के अनुसार, सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के बारां गांव की आदिवासी बस्ती से एक दर्जन से अधिक नाबालिग बच्चियों को शंकर जाटव ऑटो से बड़खेड़ी स्थित नवीन के फार्म हाउस पर मजदूरी के लिए लेकर गया था। उसी फार्म हाउस पर बामौरकला क्षेत्र से आई महिला मजदूर भी काम कर रही थीं।

फावड़ा मांगने की बात पर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि काम के दौरान फावड़ा मांगने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और कथित रूप से महिला मजदूरों ने नाबालिग बच्चियों को घेरकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में कई बच्चियां घायल हो गईं।

परिजनों को दी जानकारी, थाने पहुंचे ग्रामीण
घटना के बाद बच्चियां अपने गांव पहुंचीं और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद आदिवासी बस्ती में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि और ग्रामीण पीड़ित बच्चियों व उनके परिजनों को लेकर सतनवाड़ा थाने पहुंचे, जहां पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।

एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों पर केस
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 95/26 दर्ज किया है। एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

सतनवाड़ा थाना प्रभारी भोलाराम पुरोहित ने बताया कि फार्म हाउस पर मजदूरों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई थी। शिकायत के आधार पर एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *