1005396497

पति का गला घोंट कर हत्या का प्रयास, जमींन पर कब्जा करना चाहते है, पीड़िता ने SP से लगाई गुहार

1005396497

शिवपुरी। जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के हनुमानखेड़ा गांव की निवासी खिलन लोधी ने अपने देवर सहित करीब 25 लोगों पर पति की हत्या के प्रयास, खेत पर कब्जा करने, मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए महिला ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

रस्सी से गला घोंटने का लगाया आरोप
महिला के अनुसार, 12 जुलाई की शाम करीब 5 बजे उनके पति वालकिशन लोधी घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान देवर रामनिवास लोधी, प्रताप लोधी, जयकुमार, राजन सिंह सहित अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने रेशम की रस्सी से वालकिशन के गले में फंदा डालकर उनकी हत्या का प्रयास किया।

शोर सुनकर महिला और उनका भांजा अरविंद मौके पर पहुंचे और किसी तरह फंदा हटाकर उनकी जान बचाई।
महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

खेत पर कब्जा करने और तोड़फोड़ का आरोप
पीड़िता ने बताया कि 13 जुलाई को आरोपी ट्रैक्टर लेकर उनके खेत पर पहुंचे और जबरन जुताई कर कब्जा करने का प्रयास किया। इसकी शिकायत खनियाधाना थाने में की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

महिला का आरोप है कि उसी दिन शाम करीब 4 बजे आरोपी पक्ष के लगभग 25 लोग उनके घर पहुंच गए। उन्होंने घर को चारों ओर से घेरकर पथराव किया तथा जीप, मोटरसाइकिल, टीनशेड और मकान में तोड़फोड़ की।
मंगलसूत्र, करधनी और नकदी ले जाने का आरोप


महिला का कहना है कि आरोपी घर में घुस आए और मारपीट करते हुए सोने का मंगलसूत्र, चांदी की करधनी, बिछिया, 2 हजार रुपये नकद सहित गृहस्थी का अन्य सामान भी अपने साथ ले गए।

एसपी से सुरक्षा और एफआईआर की मांग
पीड़िता ने बताया कि उनके पति के गले पर फंदे के निशान अब भी मौजूद हैं। आरोपियों के डर से परिवार अपने घर और खेत पर जाने से भी भयभीत है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने, पति का मेडिकल परीक्षण कराने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

खनियाधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *