1005395827

लुटेरी दुल्हन: दलालों ने तय कराया रिश्ता, सात फेरे के बाद जा रही दुल्हन, रास्ते से जेवर लेकर फरार

1005395827

शिवपुरी। हरियाणा के गुरुग्राम निवासी एक परिवार ने शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर धोखाधड़ी और लूट का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि दलालों के माध्यम से तय कराई गई शादी के महज दो घंटे बाद ही दुल्हन और उसके कथित परिजनों ने रास्ते में उनकी कार रुकवाकर नगदी, जेवर और मोबाइल लूट लिए।

मामले में पीड़ित परिवार ने पिछोर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।
पीड़िता प्रीति फौगाट ने बताया कि उसके भाई योगेंद्र जाखड़ की शादी कराने की जिम्मेदारी महुरानीपुर निवासी काशीराम और शैलेंद्र अहिरवार ने ली थी।

तय कार्यक्रम के अनुसार 13 जुलाई को प्रीति, योगेंद्र, उनके नाना टेकसिंह और अन्य परिजन चारपहिया वाहन से बबीना पहुंचे। वहां से दोनों दलाल उन्हें शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र स्थित नया चौराहा के पास एक गांव में ले गए।
परिजनों के अनुसार गांव के मंदिर में योगेंद्र और युवती का विवाह कराया गया। रात करीब 9:30 बजे दुल्हन की विदाई भी कर दी गई।

आरोप है कि विदाई के करीब एक किलोमीटर बाद कुछ लोगों ने, जो खुद को लड़की के परिजन बता रहे थे, उनकी कार रुकवा ली। आरोपियों ने कार के शीशे तोड़ दिए और दुल्हन को अपने साथ ले जाने के बाद परिवार से करीब 1.25 लाख रुपये नकद, सोने की चेन और अन्य सामान छीन लिया। साथ ही पीड़ित पक्ष से फोन-पे के माध्यम से 1 लाख रुपये ट्रांसफर भी कराए गए। घटना का वीडियो बना रहे चालक देशराज का मोबाइल फोन भी आरोपियों ने छीन लिया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि शादी के कुछ ही घंटे बाद दुल्हन उनके साथ नहीं रही और पूरा परिवार आर्थिक नुकसान का शिकार हो गया। इसके बाद से वे न्याय की मांग को लेकर पिछोर थाने के चक्कर लगा रहे हैं।

मोबाइल और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से मिल सकते हैं सुराग
पीड़ित परिवार का दावा है कि जिस मोबाइल फोन को आरोपियों ने छीना और जिस खाते में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराई गई, उनकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा जा सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *