पिता की पुण्यतिथि पर सेवा कार्य: जरूरतमंदों को भोजन, गौशाला में की सेवा

शिवपुरी। राष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह रघुवंशी (जीतू) ने अपने पिता स्वर्गीय नारायण सिंह रघुवंशी की 18वीं पुण्यतिथि सेवा कार्यों के साथ मनाई। इस अवसर पर उन्होंने जरूरतमंदों, मरीजों के परिजनों और निराश्रित पशुओं की सेवा कर अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह माधव चौक स्थित हनुमान मंदिर से हुई, जहां जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया गया। इसके बाद जिला चिकित्सालय परिसर स्थित कल्याणी धर्मशाला में भर्ती मरीजों के परिजनों को भोजन कराया गया। शाम को बाणगंगा रोड स्थित पशु रक्षक संघ की गौशाला में गौ-पूजन कर गायों को हरा चारा, चुनी, अनाज, दाना, सब्जियां और फल खिलाए गए। वहीं गौशाला में मौजूद डॉगी को भी दूध पिलाकर सेवा की गई।
जितेंद्र सिंह रघुवंशी ने कहा कि माता-पिता को सच्ची श्रद्धांजलि उनके बताए संस्कारों और समाज सेवा के मार्ग पर चलकर ही दी जा सकती है। इस सेवा अभियान में गोपाल शर्मा, महेंद्र वशिष्ठ, राहुल केवट, ललित गर्ग, सागर और ऋषि सेन सहित अन्य सहयोगियों ने भी भागीदारी निभाई। पूरे दिन चले सेवा कार्यों के माध्यम से मानवता, करुणा और समाज सेवा का संदेश दिया गया।
