जनसुनवाई में अतिथि शिक्षक ने लगाई गुहार, पोर्टल पर गणित की वैकेंसी नहीं दिखने से जॉइनिंग अटकी

1000938595

शिवपुरी। जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में पोहरी जनपद के शासकीय माध्यमिक विद्यालय बीलवरा कलां के अतिथि शिक्षक अभिषेक भारद्वाज व अन्य स्कूलों के अतिथि शिक्षको ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर एजुकेशन पोर्टल 3.0 की तकनीकी विसंगति के कारण जॉइनिंग से वंचित होने की शिकायत की। उन्होंने मामले की जांच कराकर गणित विषय की वैकेंसी पोर्टल पर प्रदर्शित कराने और नियमानुसार जॉइनिंग दिलाने की मांग की।

अभिषेक भारद्वाज ने बताया कि वह पिछले छह वर्षों से शासकीय माध्यमिक विद्यालय बीलवरा कलां, जनपद पंचायत पोहरी में गणित विषय के अतिथि शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में फरवरी से अप्रैल तक उनकी ई-अटेंडेंस 100 प्रतिशत रही और विद्यालय का हाई स्कूल परीक्षा परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा।
उन्होंने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय के शाला प्रभारी द्वारा एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर अतिथि शिक्षक की वैकेंसी बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन गणित विषय की वैकेंसी के स्थान पर नो रिकॉर्ड फाउंड का संदेश प्रदर्शित हुआ। वहीं सामाजिक विज्ञान विषय की वैकेंसी दिखाई दी, जिस पर अतिथि शिक्षक की जॉइनिंग भी हो गई।

उन्होंने उल्लेख किया कि पहले जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से बताया गया था कि उनका पद नवीन नियुक्ति प्राप्त शिक्षकों के लिए लॉक है, लेकिन ग्वालियर संभाग में गणित विषय के करीब 120 पदों पर काउंसलिंग पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद उनके विद्यालय में गणित विषय का कोई नवीन शिक्षक पदस्थ नहीं हुआ है। ऐसे में नियमानुसार अतिथि शिक्षक की भर्ती होनी चाहिए थी, लेकिन पोर्टल की तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि के कारण वैकेंसी प्रदर्शित नहीं हो रही।
अभिषेक भारद्वाज ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए उन्हें लगातार विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में करीब 95 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिनके लिए गणित विषय के शिक्षक की आवश्यकता है।

उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि मामले की तत्काल जांच कर एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर गणित विषय की वैकेंसी प्रदर्शित कराई जाए तथा नियमानुसार शीघ्र जॉइनिंग दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि जॉइनिंग की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण मामले का जल्द निराकरण किया जाना आवश्यक है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *