मानवता की मिसाल: नर्सिंग ऑफिसर ने बेबस बुजुर्ग की मदद कर जीता दिल

शिवपुरी। जिला अस्पताल में इंसानियत की एक ऐसी मिसाल देखने को मिली, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। कैजुअल्टी वार्ड में पदस्थ नर्सिंग ऑफिसर शिवराज सिंह राजपूत ने इलाज के लिए आए एक बुजुर्ग मरीज की न केवल चिकित्सा व्यवस्था कराई, बल्कि अपने निजी खर्च से उन्हें घर पहुंचने के लिए किराए की भी व्यवस्था की। इस सेवा भाव की अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने सराहना की।
जानकारी के अनुसार, इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे एक बुजुर्ग के रुपये कहीं गुम हो गए थे। पैसे खो जाने से वह काफी परेशान और असहाय हो गए। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग ऑफिसर शिवराज सिंह राजपूत की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने बुजुर्ग की परेशानी समझी और तत्काल उनके इलाज एवं आवश्यक दवाओं की व्यवस्था कराई। इतना ही नहीं, जब उन्हें पता चला कि बुजुर्ग के पास घर लौटने तक के पैसे नहीं हैं, तो उन्होंने अपनी जेब से किराया देकर उन्हें सुरक्षित घर भेजने का इंतजाम किया।
इस संबंध में नर्सिंग ऑफिसर शिवराज सिंह राजपूत ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी का पहला दायित्व मरीज की सेवा करना है। यदि किसी जरूरतमंद की मदद करने से उसके चेहरे पर मुस्कान लौट आती है, तो वही सबसे बड़ा पुरस्कार है। अस्पताल में मौजूद मरीजों और परिजनों ने उनके इस मानवीय कदम की सराहना की और इसे सेवा भावना की प्रेरणादायक मिसाल बताया।
