साइड देने के विवाद में ट्रक चालकों पर लाठीचार्ज, एनएच-46 पर एक घंटे जाम

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के गिलगवां गांव के पास एनएच-46 पर सोमवार दोपहर साइड देने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक सवार तीन युवकों ने दो ट्रक चालकों की लाठियों से पिटाई कर दी। घटना के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा, जिससे दोनों ओर करीब 5-5 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई।
ट्रक चालक संजू राठौर निवासी ब्यावरा ने पुलिस को बताया कि एक बाइक काफी देर से उसके ट्रक के आगे चल रही थी। कई बार हॉर्न देने के बावजूद रास्ता नहीं मिलने पर जब उसने ओवरटेक किया तो बाइक सवार ने चलते ट्रक पर लाठी मार दी। ट्रक रोककर विरोध जताने पर आरोपी ने अपने साथी परमाल जाटव और नवल जाटव को बुला लिया और तीनों ने मिलकर संजू राठौर की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे ट्रक चालक मोहन गुर्जर निवासी पड़ोरा, थाना मायापुर के साथ भी मारपीट की गई।
सूचना मिलते ही कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाकर दोनों पक्षों को थाने ले गई। जांच में मुख्य आरोपी की पहचान गिलगवां निवासी लखन जाटव के रूप में हुई। पुलिस ने संजू राठौर की शिकायत पर लखन जाटव, परमाल जाटव और नवल जाटव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
