जमीन विवाद के बीच बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी से हत्या, परिजनों ने 8 लोगों पर जताया शक

शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के मालवनी गांव में रविवार रात 60 वर्षीय राम प्यारी लोधी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के समय महिला घर में अकेली थीं, जबकि उनके पति लखन लोधी और बेटे गांव से बाहर बटाई पर लिए खेत पर रुके हुए थे। सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए ग्वालियर से एफएसएल टीम भी बुलाई गई है।
परिजनों के अनुसार हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका है। मृतका के बेटे ने बताया कि घटना से एक दिन पहले जमीन जोतने को लेकर परिवार के कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत थाने में भी की गई थी। परिजनों ने गोविंद, सुंदर, आशीष, अंकित, पर्वत, कमल, सिरनाम और रामजी लाल पर हत्या का आरोप लगाया है।
एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि महिला की हत्या हुई है, लेकिन फिलहाल मामला अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों का कहना है कि जिन लोगों पर उन्होंने आरोप लगाए हैं, वे सभी घटना के बाद भी गांव में मौजूद हैं।
