टायर फटते ही बेकाबू हुआ मिनी ट्रक, डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में मचाई तबाही: चालक मौके से फरार

शिवपुरी। जिले के देहात थाना क्षेत्र स्थित थीम रोड पर रविवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गुना से शिवपुरी आ रहा एक मिनी ट्रक अचानक अगला टायर फटने के बाद अनियंत्रित हो गया। ट्रक डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा घुसा और वहां खड़े ट्रक, बाइक, स्कूटी तथा सड़क किनारे स्थित ढाबे की स्टॉल को टक्कर मार दी। हादसे के समय आसपास मौजूद लोग समय रहते हट गए, जिससे जनहानि टल गई।
जानकारी के अनुसार हादसा राम सहाय ट्रांसपोर्ट के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज धमाके के साथ ट्रक का अगला टायर फटा, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू ट्रक पहले डिवाइडर पर चढ़ा, फिर रेलिंग तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गया। वहां उसने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को रगड़ा, एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, इसके बाद एक स्कूटी और अंत में राजस्थानी ढाबा की स्टॉल से टकराकर रुका। हादसे में स्टॉल और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।
ढाबा संचालक वीरू ने आरोप लगाया कि मिनी ट्रक में चार-पांच लोग सवार थे और वे कथित रूप से शराब के नशे में थे। उनका कहना है कि हादसे के बाद सभी ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि ट्रक के केबिन में शराब की बोतलें पड़ी थीं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वीरू के अनुसार टायर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग सतर्क होकर दूर हट गए। यदि उस समय सड़क किनारे लोग खड़े होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक के फरार होने और नशे में वाहन चलाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
