होटल में नाबालिग के साथ मिला मुस्लिम युवक, हिंदू संगठनों का हंगामा: थाने में मारपीट, SP ऑफिस पहुंचा मामला

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में रविवार दोपहर 17 वर्षीय आदिवासी नाबालिग के साथ एक युवक के मिलने की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और मातृशक्ति संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने युवक अकरम खान को पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। थाने में पूछताछ के दौरान नाबालिग के परिजनों ने युवक के साथ मारपीट कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर युवक को अपनी अभिरक्षा में लिया और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद पूरे मामले ने शहर में चर्चा का विषय बना लिया।
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों का आरोप है कि अकरम खान नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने संपर्क में रखे हुए था। सूचना मिलने पर कार्यकर्ता होटल पहुंचे और दोनों को कोतवाली थाना ले आए। बाद में संगठन के पदाधिकारी, नाबालिग की मां और आरोपी की पत्नी निशा बानो के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले को ज्ञापन सौंपकर युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
आरोपी की पत्नी निशा बानो ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका पति पिछले करीब डेढ़ वर्ष से नाबालिग के संपर्क में था। इस दौरान वह परिवार का खर्च नहीं उठाता था और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता था। उनका कहना है कि महिला थाना, सतनबाड़ा थाना और एसपी कार्यालय सहित कई जगह शिकायतें की गईं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। वहीं नाबालिग की मां ने बताया कि मई 2026 में उसकी बेटी घर छोड़कर चली गई थी। देहात थाने में गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसे बरामद कर परिवार को सौंप दिया था, लेकिन युवक के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से वह दोबारा बेटी के संपर्क में आ गया।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी विनोद पुरी ने आरोप लगाया कि नाबालिग को वापस लाने के प्रयास के दौरान अकरम खान ने उन्हें फोन और व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकियां दी थीं। पुलिस के अनुसार, अकरम खान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी लंबित है। कलेक्टर न्यायालय द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बावजूद वह पेश नहीं हुआ।
देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि पूर्व में दर्ज गुमशुदगी के मामले में नाबालिग को बरामद कर न्यायालय में पेश किया गया था। उस समय नाबालिग ने न्यायालय में युवक का नाम नहीं लिया था और स्वयं घर छोड़कर जाने की बात कही थी, इसलिए उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी। वहीं कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि रविवार की घटना के बाद अकरम खान के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
