गूगल पर डॉक्टर का नंबर खोजा, APK फाइल डाउनलोड करते ही उड़ गए 2.94 लाख रुपए

शिवपुरी। शहर के प्रमुख ऑटो मोबाइल कारोबारी कपिल गुप्ता साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खातों से 2 लाख 94 हजार 202 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कपिल गुप्ता वही कारोबारी हैं जिन्होंने नवंबर माह में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का आयोजन कराया था।
पुलिस को दी शिकायत में कपिल गुप्ता ने बताया कि 27 जून 2026 की रात उनकी पत्नी शिल्पी गुप्ता ने इलाज संबंधी सलाह लेने के लिए गूगल पर एक डॉक्टर का मोबाइल नंबर खोजा। नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने मोबाइल पर एक एपीके (APK) फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करने के लिए कहा। फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो गया और साइबर ठगों ने आईसीआईसीआई बैंक तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों तक पहुंच बना ली।
इसके बाद ठगों ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए दोनों बैंक खातों से कुल 2 लाख 94 हजार 202 रुपए निकाल लिए। खाते से रकम कटने की जानकारी मिलने पर कपिल गुप्ता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
