पत्थर से टकराई शराब तस्कर की बाइक, 7 पेटी देशी शराब छोड़ अंधेरे में भागा

शिवपुरी। शहर के बड़ौदी क्षेत्र स्थित थीम रोड पर शनिवार रात करीब 9:30 बजे शराब तस्करी का एक मामला सामने आया। तेज रफ्तार अपाचे बाइक सड़क किनारे पड़े पत्थर से टकरा गई। हादसे के बाद बाइक सवार शराब तस्कर मौके पर ही बाइक और शराब छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाइक के आगे और पीछे बोरियों में बड़ी मात्रा में देशी शराब बंधी हुई थी। सूचना मिलते ही डायल-112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा बाइक को जब्त कर थाना ले गई।
पुलिस ने बाइक क्रमांक एमपी 33 जेडएम 0245 से 7 पेटी देशी शराब बरामद की है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर फरार तस्कर की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
