तीन दिन में स्कूल बसों पर 95 हजार का जुर्माना, ईस्टर्न हाइट स्कूल की 7 बसों पर कार्रवाई

शिवपुरी। प्रदेशव्यापी 10 दिवसीय विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान के तहत शनिवार को यातायात थाना और आरटीओ की संयुक्त टीम ने ईस्टर्न हाइट स्कूल की 9 बसों का निरीक्षण किया। जांच में विभिन्न कमियां मिलने पर 7 बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान अब तक तीन दिनों में स्कूल बसों से कुल 95 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में चल रही कार्रवाई में थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक रणवीर यादव एवं उनकी टीम ने आरटीओ अधिकारियों के साथ बसों की जांच की। निरीक्षण के दौरान रजिस्ट्रेशन संबंधी नियमों का उल्लंघन, यातायात संकेतों की अनदेखी, बिना नेम प्लेट, खराब टायर, खराब स्टेपनी और क्लीनर का बिना बैज के कार्य करना जैसी कमियां सामने आईं।
इसके अलावा स्कूल प्रबंधन सभी बसों के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
