शिवपुरी में दो घरों में पसरा मातम: किसान की करंट से मौत, युवक ने जहरीला पदार्थ खाया: इलाज के दौरान तोड़ा दम

शिवपुरी। जिले में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। सुरवाया थाना क्षेत्र में खेत पर काम करते समय करंट लगने से एक किसान की जान चली गई, जबकि तेंदुआ थाना क्षेत्र में जहरीला पदार्थ खाने वाले युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना सुरवाया थाना क्षेत्र के धुआनी गांव की है। यहां 45 वर्षीय दिनेश धाकड़ शुक्रवार को अपने खेत पर बोरवेल का स्टार्टर लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए। परिजन गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
दूसरी घटना तेंदुआ थाना क्षेत्र के भैंसदा गांव की है। 28 वर्षीय मुनेश धाकड़ ने दो दिन पहले अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराकर इलाज करा रहे थे, जहां शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। करंट लगने और जहरीला पदार्थ खाने के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों मौतों से संबंधित गांवों में शोक का माहौल है।
