शिवपुरी में एक रात में 4 किराना दुकानों पर धावा: डेढ़ लाख से ज्यादा नकदी समेत लाखों का माल साफ, CCTV में कैद हुई काली कार

शिवपुरी। शहर में चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त को चुनौती देते हुए एक ही रात में कोतवाली और देहात थाना क्षेत्र की चार किराना दुकानों को निशाना बना लिया। बदमाश दुकानों के ताले और शटर तोड़कर डेढ़ लाख रुपये से अधिक की नकदी के साथ बड़ी मात्रा में ड्राई फ्रूट, सिगरेट और पान मसाला चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें बदमाश काले रंग की कार से वारदातों को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सबसे पहले चोरों ने यातायात थाने के सामने स्थित विष्णु कुमार गुप्ता की किराना दुकान का शटर उखाड़कर गल्ले से करीब 2,500 रुपये नकद और बड़ी मात्रा में ड्राई फ्रूट, सिगरेट व पान मसाला चोरी कर लिया। इसके बाद उन्होंने ओमप्रकाश सिंघल की दुकान में सेंध लगाकर करीब 25 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान पार कर दिया। वहीं फतेहपुर क्षेत्र में लक्ष्मण जैन की किराना दुकान से करीब 5 हजार रुपये नकद और अन्य सामान चोरी कर लिया।
सबसे बड़ी वारदात देहात थाना क्षेत्र के काली माता मंदिर के पास स्थित मनोज धाकड़ की थोक एवं खुदरा किराना दुकान में हुई। यहां चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे और डेढ़ लाख रुपये से अधिक की नकदी के साथ बड़ी मात्रा में ड्राई फ्रूट, सिगरेट और पान मसाला लेकर फरार हो गए। दुकान संचालक मनोज धाकड़ ने बताया कि उन्हें एक व्यापारी को भुगतान करना था, लेकिन वह रात तक पैसे लेने नहीं आया। इसी कारण रात करीब 11:30 बजे उन्होंने नकदी दुकान में ही रख दी थी। सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिसमें बदमाश काले रंग की कार में घूमते और वारदातों को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। लगातार चार दुकानों में चोरी की इस घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
