श्रीगंगानगर की घटना के विरोध में कल्चुरी समाज का प्रदर्शन, दोषियों को फांसी देने की उठाई मांग

शिवपुरी। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय नाबालिग के अपहरण और उसके साथ कथित दुष्कर्म की घटना के विरोध में कल्चुरी समाज ने सोमवार को प्रदर्शन कर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। समाज ने मामले की त्वरित सुनवाई कर दोषियों को कठोरतम सजा, फांसी दिए जाने और महिलाओं-बच्चियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
कल्चुरी समाज की जिला अध्यक्ष सीमा शिवहरे ने कहा कि श्रीगंगानगर की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। ऐसी घटनाओं से छात्राओं, बच्चियों और महिलाओं में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शीघ्र न्याय जरूरी है, ताकि समाज में कानून का भय कायम हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
ज्ञापन में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था लागू करने तथा महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने की मांग की गई। इस दौरान जिला अध्यक्ष सीमा शिवहरे के साथ सोनम, रुक्मणी, शिवकुमारी, आकाश, मंजू शाक्य सहित कल्चुरी समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे।
