सैनिक की विधवा ने SP से लगाई गुहार, बेटे से मारपीट का वीडियो सौंपकर कार्रवाई की मांग

शिवपुरी। जिले के करैरा क्षेत्र की ग्राम डामरौनकला निवासी सैनिक की विधवा आशा सिंह परमार शनिवार को अपने बेटे के साथ कथित मारपीट का वीडियो लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, 5 लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर वापस दिलाने के साथ परिवार की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
आशा सिंह परमार ने बताया कि उनके पति अजीत सिंह परमार सेना में थे, जिनका निधन हो चुका है। उनका आरोप है कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से प्रहलाद पुत्र हरिलाल लोधी के साथ रह रही थीं। इस दौरान दिवंगत पति के करीब 5 लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर आरोपी के पास चले गए, जिन्हें अब वापस नहीं किया जा रहा है। महिला का आरोप है कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे प्रहलाद लोधी और लाड़कुवर पत्नी हरिलाल लोधी ने उनके और उनके पुत्र संजय सिंह परमार के साथ लाठी, लात-घूंसों से मारपीट की, जिसमें दोनों घायल हो गए।
पीड़िता का दावा है कि पूरी घटना उनके मोबाइल में रिकॉर्ड है, जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और उन्हें घर से निकाल दिया है। फिलहाल वह ग्राम डामरौनकला में सीमा तिवारी के मकान में किराए से रह रही हैं। एसपी से उन्होंने निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, 5 लाख रुपये व जेवर वापस दिलाने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।
