फिल्म देखकर लौट रहे शिवपुरी के बीएससी नर्सिंग छात्र की इंदौर में सड़क हादसे में मौत

शिवपुरी। इंदौर में हुए सड़क हादसे में शिवपुरी जिले के खरई गांव निवासी 21 वर्षीय विकास धाकड़ की दर्दनाक मौत हो गई। विकास पिछले एक वर्ष से इंदौर में रहकर बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था। हादसे की खबर मिलते ही परिजन इंदौर पहुंचे, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे विकास अपने दोस्तों के साथ फिल्म देखकर दोपहिया वाहन से लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अन्य दोपहिया वाहन से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शनिवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। विकास का पार्थिव शरीर देर शाम तक उसके गृहग्राम खरई पहुंचने की संभावना है, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। युवक की असमय मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।
