स्कूल बसों पर सख्ती: सेंट चार्ल्स स्कूल की 11 बसों के चालान, एक बस जब्त

शिवपुरी। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ प्रदेशव्यापी विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान के तहत शुक्रवार को यातायात पुलिस और आरटीओ की संयुक्त टीम ने सेंट चार्ल्स स्कूल की बसों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 12 बसों की चेकिंग की गई, जिनमें 11 बसों में नियमों का उल्लंघन मिलने पर चालानी कार्रवाई करते हुए 49 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं एक बस को परमिट और फिटनेस नहीं होने पर जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए आरटीओ कार्यालय भेज दिया गया।
यातायात थाना प्रभारी रक्षित निरीक्षक रणवीर यादव ने अपनी टीम और आरटीओ अधिकारियों के साथ स्कूल पहुंचकर बसों की जांच की।
जांच के दौरान सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों और केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के तहत बसों के दस्तावेज, सुरक्षा मानकों और फिटनेस की जांच की गई। पुलिस ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
